हरदोई। अनुसूचित जाति, जनजाति (एससी/एसटी) के छात्रों को कक्षा 11 व इससे ऊपर की कक्षा में प्रवेश के लिए शुल्क अदा करने के लिए आधार की भांति एक कार्ड जारी होगा।
समाज कल्याण विभाग ने निशुल्क प्रवेश के लिए फ्रीशिप कार्ड के लिए पंजीकरण की व्यवस्था की है। इससे स्कूल-कॉलेजों में निशुल्क दाखिला मिलेगा और शासन की ओर से शुल्क प्रतिपूर्ति प्राप्त होने पर अब छात्र की ओर से यह राशि विद्यालय को प्राप्त कराई जाएगी।
सामाजिक सहायता कार्यक्रम में शासन ने वजीफा और शुल्क प्रतिपूर्ति योजना में एससी/एसटी के छात्रों के लिए व्यवस्था में बदलाव किया गया है। शासन ने दशमोत्तर कक्षा में छात्रों को स्कूल, कॉलेजों में नवीन शैक्षिक सत्र से प्रवेश के समय शुल्क न लिए जाने की व्यवस्था दी है। प्रवेश की पुष्टि पर शासन की ओर से छात्रों के बैंक खाते में फ्रीशिप कार्ड से प्रवेश शुल्क जारी किया जाएगा। शुक्रवार को मुख्य विकास अधिकारी सौम्या गुरूरानी ने फ्रीशिप कार्ड के पंजीकरण के संबंध में अधिकारियों, विद्यालयों-कॉलेजों के प्रधानाचार्य-प्राचार्यों की बैठक की। सीडीओ ने समाज कल्याण और शिक्षा विभाग के अधिकारियों से कहा कि समन्वय बनाकर योजना को मूर्त रुप दें।
जिला समाज कल्याण अधिकारी रमाकांत से कहा कि योजना का प्रचार-प्रसार कराया जाए। सभी स्कूल और कॉलेजों में भी इसका व्यापक प्रसार किया जाए। बताया कि एससी/एसटी छात्रों को इसके लिए ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीकरण कराना होगा। पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी होने पर फ्रीशिप कार्ड जारी होगा। बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी रमाकांत, डीआईओएस बालमुकुंद प्रसाद, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी विनीत कुमार सहित अधिकारी आदि मौजूद रहे।