- उपभोक्ता के ढाई लाख रुपये धोखाधड़ी कर खाते से निकालने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
संडीला। एचडीएफसी बैंक की संडीला शाखा के प्रबंधक के खिलाफ एसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। धोखाधड़ी कर खाते से रुपये निकाल लेने के आरोप में उपभोक्ता ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
संडीला नगर के मोहल्ला मंगलबाजार निवासी फैसल अहमद ने बताया कि उसका खाता एचडीएफसी बैंक की संडीला शाखा में है। आरोप है कि बैंक प्रबंधक चंदन जायसवाल ने फोन कर उससे ई-केवाईसी कराने के लिए ओटीपी पूछे थे। इसके बाद पांच सितंबर को फैसल के बैंक खाते से 50 हजार रुपये निकल गए।
इसकी शिकायत करने फैसल शाखा प्रबंधक के पास गया। आरोप है कि चंदन जायसवाल ने फैसल को डांटकर भगा दिया। इस दौरान कहा कि खाता बंद हो गया है। काउंटर मेें पड़े दो लाख रुपये की एफडी बना देने की बात कही। इस पर फैसल ने एक फार्म पर हस्ताक्षर कर दिए।
इसके बाद सात सितंबर को फिर से फैसल के बैंक खाते से दो लाख रुपये निकल गए। इसकी शिकायत करने वह फिर से बैंक गया तो प्रबंधक ने उसे गाली गलौज कर भगा दिया। फैसल ने बताया कि उसके पिता का निधन चार माह पहले हो चुका है। बहन का निकाह तीन माह बाद होना है। इसलिए उसे रुपये की भी आवश्यकता है। काेतवाल विद्या सागर पाल ने बताया कि एसपी के आदेश पर बैंक प्रबंधक चंदन जायसवाल के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की गई है।