हरदोई। देहात कोतवाली क्षेत्र के मढि़या में बरात में बैंड लेकर आए चार युवक करंट लगने से झुलस गए। बृहस्पतिवार रात हुई घटना में झुलसे चारों युवकों काे मेडिकल कॉलेज लाया गया। यहां एक को मृत घोषित कर दिया गया। बताते हैं कि बरात में सजावट की झालरों में करंट उतरने से हादसा हुआ।
शाहाबाद नगर के मोहल्ला गिगियानी निवासी सुहेल (18) सिलाई का काम करते थे। ताऊ लतीफ बैंड पार्टी चलाते हैं। उन्होंने बताया कि देहात कोतवाली क्षेत्र के मढि़या गांव में बरात में बैंड बजाने की बुकिंग उनके पास थी। बृहस्पतिवार की शाम वह मोहल्ला बुद्ध बाजार निवासी दोस्त शबलू (40), शाहजहांपुर जनपद के अल्लाहगंज निवासी शोएब (30) और एक अन्य (22) साथी के साथ मढि़या गांव जाने की तैयारी कर रहे थे।
इसी दौरान सुहेल और उनके बड़े भाई तबरेज ने भी साथ ले चलने को कहा। सभी लोग रात में मढि़या गए। यहां बरात में सभी बैंड लेकर चल रहे थे। साथ में अन्य युवक सजावट की लाइट पकड़े चल रहे थे। इन लाइटों के तार पीछे चल रहे जनरेटर से जुड़े थे। इसी की चपेट में आकर सुहेल, शबलू, शोएब और एक अन्य साथी को करंट लग गया। झुलसकर सभी मौके पर गिर गए। इन सभी को मेडिकल कॉलेज लाया गया। यहां सुहेल को मृत घोषित कर दिया गया।
शबलू, शोएब और उनके एक साथी को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने बताया कि मेडिकल कॉलेज प्रशासन की सूचना पर शहर कोतवाली पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। फिलहाल परिजनों ने कोई शिकायत नहीं की है। अगर कोई शिकायत करेंगे तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।