हरदोई। किशोरी को बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म करने के एक साढ़े 22 साल पुराने मामले में चार लोगों को दोषी करार देते हुए अपर जिला जज (कोर्ट संख्या दो) सपना त्रिपाठी ने 10-10 साल की सजा सुनाई है। इसके साथ ही 10-10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। जुर्माना न देने पर तीन माह की अतिरिक्त सजा भी काटनी होगी। जुर्माने की आधी रकम बतौर क्षतिपूर्ति पीड़िता को भी देने के आदेश अपर जिला जज ने दिए हैं।
कोतवाली शहर क्षेत्र की एक गांव निवासी किशोरी ने सात मार्च 2002 को थाना कोतवाली शहर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें बताया था कि चार मार्च 2002 को वह अपनी मां के साथ रेलवेगंज गिरवीं रखे गहने छुड़ाने गई थी। उसकी मां ने जेवर लेकर घर जाने के लिए कहा था। मां ने सब्जी लेकर घर आने की बात कही थी। महोलिया शिवपार फाटक के पास पहले चंद्रपाल ने उससे कहा कि उसकी मां ने सराफ की दुकान पर बुलाया है। वहां पहुंची तो पहले मौजूद अमजद, रहीस ने कहा कि उसकी मां धन्नूपुरवा गयी है। रिक्शे पर बिठाकर धन्नूपुरवा ले गए। मकान में जबरदस्ती बंद कर दिया। वहां प्रेम व छोटू भी थे। सभी ने दुष्कर्म किया था। प्रेम ने तमंचा दिखाकर जान से मार डालने की भी धमकी भी दी थी। दूसरे दिन सुबह जान बचाकर घर आई पिता को घटना बताई थी।
पुलिस ने देहात कोतवाली क्षेत्र के ओमपुरी गांव निवासी चंद्रपाल, छोटू इसी क्षेत्र के टिकरा गांव निवासी प्रेम,नयागांव मुबारकपुर निवासी अमजद सुरसा थाना क्षेत्र के ओदरा गांव निवासी रहीस के खिलाफ बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म करने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी। दोनों पक्षों की तर्कों को सुनने व पत्रावली पर मौजूद सबूतों के आधार पर बंधक बनाकर दुष्कर्म करने का दोषी पाते हुए चंद्रपाल,अमजद,प्रेम व छोटू को सजा सुनाई है। दोष सिद्ध होने के बाद रहीस न्यायालय में उपस्थित नहीं हुआ उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कर दिया गया है।