हरदोई। सवाजपुर थानाध्यक्ष के सरकारी आवास से चोरी के मामले में पुलिस अधीक्षक ने चार पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया है। चारों पुलिस कर्मियों की ड्यूटी पुलिस लाइन के गेट नंबर दो पर रहती है। इन पर ड्यूटी में लापरवाही करने का आरोप है।
सवाजपुर थानाध्यक्ष प्रिंस कुमार का सरकारी आवास पुलिस लाइन परिसर में है। उनका आवास बंद रहता है। बीती नौ नवंबर को वह सर्दी की वर्दी लेने के लिए आवास आए थे। इस दौरान आवास के कमरों के साथ ही बक्से और अलमारी के ताले भी टूटे मिले थे। थानाध्यक्ष के मुताबिक 35 लाख रुपये के जेवर घर से चोरी हुए हैं। इसकी रिपोर्ट मंगलवार को शहर कोतवाली में दर्ज की।
मामला संज्ञान में आने पर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने गेट नंबर दो पर सुरक्षा के लिए तैनात दीवान श्रवण कुमार पांडे, सिपाही स्वर्णलेश, सतेंद्र कुमार और आजाद को निलंबित कर दिया है।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बताया कि पुलिस लाइन में आने जाने वाले अपरिचित व्यक्तियों का विवरण रजिस्टर में दर्ज न कर ड्यूटी में लापरवाही की गई है। इन सभी के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।