हरदोई। एसपी अनुराग वत्स ने पाली थानाध्यक्ष विनोद गोस्वामी समेत चार पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है। क्राइम ब्रांच में तैनात निरीक्षक राजेश राय को पाली में तैनाती दी गई है।
गुरुवार को पुलिस अधीक्षक अनुराग वत्स ने पाली थाने का वार्षिक निरीक्षण किया था। इस दौरान एसपी को थाने के आवश्यक अभिलेख अधूरे मिले थे।
कई महत्वपूर्ण अभिलेखों में कार्रवाई का अंकन नहीं मिला था। इसके अलावा विवेचनाओं में भी लापरवाही सामने आई थी। एसपी ने गुरुवार को ही थाने के कई पुलिस कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई के संकेत दिए थे।
शुक्रवार को एसपी ने पाली थानाध्यक्ष विनोद गोस्वमी, रूपापुर चौकी प्रभारी ऋषि कपूर, दीवान राशिद खान और सिपाही नवनीत कुमार को लाइन हाजिर कर दिया। एसपी अनुराग वत्स ने बताया कि वार्षिक निरीक्षण में मिली खामियों के चलते कार्रवाई की गई है। पाली थाने की जिम्मेदारी क्राइम ब्रांच में तैनात निरीक्षक राजेश राय को दी गई है।