सांडी क्षेत्र में तंबाकू थूकने के विवाद में दो
पक्षों के बीच लाठी-डंडे और गोली चलने से घायल हुए आधा दर्जन लोगों में एक
वृद्ध की मौत हो गई। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं
पुलिस की मौजूदगी में रविवार को वृद्ध का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
उधर,
मल्लावां थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में घायल की भी मौत हो गई, जबकि
बघौली क्षेत्र में पेपर खराब होने पर एक छात्रा ने ट्रेन से कटकर जान दे
दी, वहीं टड़ियावां क्षेत्र में घर के आंगन में सो रही बालिका पर बिजली
गिरने से मौत मौत हो गई।
ज्ञात हो कि शनिवार की देर रात सांडी क्षेत्र
के चचरापुर में गांव निवासी सौरभ के कपिल के ऊपर तंबाकू की पीक थूकने पर
गांव में बवाल हो गया। इस दौरान लाठी-डंडे, कांता से हमला बोल दिया था।
कपिल की ओर से सौरभ पर फायर कर कर दिया गया था।
इससे सौरभ सिंह (28) पुत्र
सुरेंद्र पाल, प्रधान शैलेंद्र सिंह उर्फ मिंटू के पिता महेंद्र पाल (60),
चाचा सुरेंद्र पाल (50), ताऊ सूरज बक्श सिंह (65), अर्पित और उदयवीर घायल
हो गए थे। सभी को जिला अस्पताल लाया गया था, जहां पर सूरज बक्श की हालत
गंभीर होने पर लखनऊ रेफर कर दिया गया था।
जहां उनकी मौत हो गई। रविवार की
देर शाम शव गांव पहुंचा। जहां पर पुलिस की मौजूदगी में शव का अंतिम संस्कार
किया गया। उधर, पुलिस ने मामले में तीन आरोपी कमल सिंह, उदय पाल, कपिल
को गिरफ्तार कर लिया। घटना से गांव में तनाव व्याप्त है।
उधर, मल्लावां
क्षेत्र के गांव नेवाजपुर निवासी थानेदार का पुत्र लाल सिंह (30) अपने
मौसेरे भाई कुतुबापुर निवासी धर्मेंद्र (28) पुत्र रामकुमार के साथ बाइक से
राघौपुर होकर बेरिया मार्ग पर जा रहे थे। बीती शाम 4 बजे राघौपुर बाजार के पास सामने से आ रही बाइक से उनकी बाइक टकरा गई, जिससे
दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलोें को पीएचसी में भर्ती कराया
गया, जहां लाल सिंह को मृत घोषित कर दिया था, वहीं धर्मेंद्र को लखनऊ
ट्रामा सेेंटर रेफर किया, पर रास्ते में उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का
पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को हरदोई भेजा है। उधर, बघौली क्षेत्र में
पेपर खराब होने पर एक छात्रा ने ट्रेन से कटकर जान दे दी।
ग्राम नरायनपुर
निवासी प्रीती (18) पुत्री राकेश कुमार ने गांव के पास शनिवार की रात ट्रेन
से कटकर जान दे दी। प्रीती के पिता ने बताया कि वह राजाराम महाविद्यालय
पौथे पुरवा में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी। उसका समाज शास्त्र का पेपर
खराब हो गया था। इससे वह आहत थी।
इसी के चलते उसने ट्रेन से कटकर जान दे
दी। उधर, टड़ियावां क्षेत्र में आंगन में सो रही बालिका पर बिजली गिरने से
उसकी मौत हो गई। ग्राम भभरजा निवासी मन्नी लाल की सात वर्षीय पुत्री
शकुंतला शनिवार की रात घर के आंगन में सो रही थी।
रात में डेढ़ बजे उसके
ऊपर बिजली गिरी। इससे उसकी मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया।