पाली। थाना क्षेत्र के कहारकोला गांव में शनिवार देर शाम नदी के कुंड में नहाते समय चार बच्चे डूब गए। इनमें तीन लड़कियों ने परिजनों ने बचा लिया लेकिन एक लड़के की डूबने से मौत हो गई।
पाली थाना क्षेत्र के ग्राम कहारकोला निवासी सुनील राजपूत शनिवार शाम बैलगाड़ी लेकर खेत पर गया था। उसके साथ बेटा सूरज (5) के अलावा गांव के शिवराम की बेटी देवकी (7), रूपराम की बेटी नन्ही (6) और रामसागर की बेटी सुनीता (6) भी थी।
तीनों लड़कियों के खेत के पिता भी खेतों पर काम कर रहे थे। सुनील भी बैलगाड़ी खड़ी कर काम में व्यस्त हो गया। चारों बच्चे खेत के पास खेलने लगे। इसी बीच सूरज सूरज गर्रा नदी के कुंड (नदी की धारा बदलकर गड्ढे में पानी भरना) में नहाने चला गया।
पैर फिसलने से वह डूबने लगा। उसे बचाने के लिए तीनों लड़कियां भी कुंड में कूद गई और वह भी डूबने लगीं। रंधीपुर गांव का रामू कुंड के करीब घास काट रहा था। उसकी नजर डूब रहे बच्चों पर पड़ गई। बच्चों के पिता को आवाज लगाने के साथ रामू ने कुंड में छलांग लगा दी।
इसी बीच सुनील व तीनों बच्चियों के पिता भी कुंड में कूद गए। तीनों बच्चियों को तो इन लोगों ने निकाल लिया लेकिन सूरज डूब गया। बेहोशी की हालत में बच्चियों को पाली पीएचसी ले जाया गया। इलाज के बाद उनकी हालत में सुधार होने पर परिजन घर ले गए।
काफी खोजबीन के बाद कुंड में सूरज का शव मिला। सूरज सुनील का इकलौता बेटा था। उसके एक ढाई साल की एक बेटी गुड़िया भी है। परिजनों ने हादसे की खबर पुलिस ने नहीं दी। एसओ पाली सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि हादसे की जानकारी नहीं है।