सांडी। सांडी थाना क्षेत्र के सहिजना भुड़िया से बीते शनिवार से लापता हाईस्कूल के छात्र का शव सोमवार दोपहर नदी में उतराता मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सांडी थना क्षेत्र की ग्राम पंचायत भटेउली के मजरा सहिजना भुड़िया निवासी पवन (16) गुर्रा में स्थित एक विद्यालय में हाईस्कूल का छात्र था। बीते शनिवार की सुबह वह घर से बिना कुछ बताए चला गया था। उसके पिता छुटकौनू अन्य परिजनों के साथ उसकी तलाश में लगे हुए थे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल रहा था। सहिजना भुड़िया से लगभग तीन किलोमीटर दूर मोहिउद्दीनपुर गांव में नदी किनारे मवेशी चराने गए कुछ लोगों ने सोमवार दोपहर शव उतराता देखा। इसकी जानकारी पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की और इसी प्रयास में शव की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। वायरल तस्वीर छुटकौनू तक भी पहुंची तो वह परिजनों के साथ मोहिउद्दीनपुर पहुंचा और शिनाख्त अपने पुत्र पवन के रूप में की। मृतक सात भाई बहनों में तीसरे नंबर का था। घटना को लेकर परिजन चुप्पी साधे हैं।