पिहानी। जवाहर नवोदय विद्यालय इटारा में आयोजित पुरातन छात्र मिलन समारोह में स्मृतियों को साझा करते हुए पूर्व छात्र भावुक हो उठे। सभी ने मौजूदा विद्यार्थियों को समझाया कि यह जीवन को बेहतर बनाने का एक बेहतर अवसर है। इसका भरपूर लाभ उठाएं। समय गुजरने के बाद यह अवसर दोबारा हाथ आने वाला नहीं है।
मुख्य अतिथि द्वारिकाधीश इंटर कॉलेज सांडी के प्रधानाचार्य डॉ. एमएल पाल ने शुभारंभ किया। पूर्व छात्र सुशील शुक्ला ने कहा कि नवोदय जैसी संस्था में प्रवेश मिलना बहुत बड़ा सौभाग्य है। कहा कि यहां मेहनत के साथ पढ़ें। प्रांजल ने कहा कि एल्यूमिनी एसोसिएशन का गठन कर लिया गया है जो कि आपकी मदद करने के लिए हमेशा तैयार है।
एल्यूमिनी एसोसिएशन हरदोई के अध्यक्ष राहुल ने बताया कि आवश्यकता पर सभी की आर्थिक मदद होगी। हेमेंद्र ने सलाह दी कि केवल भाग्य के भरोसे न रहें। अपना कल बेहतर करने के लिए आज से ही कड़ी मेहनत करना शुरू करें।
इसके अलावा शौर्य वर्धन, डाॅ. सुप्रिया तिवारी, विदित गुप्ता, डा.राघवेंद्र, अखिलेंद्र, जुबैर अली, कमलकांत ने भी अपने अनुभव साझा किए। पुरातन विद्यार्थियों ने कक्षा 11 व 12 के विद्यार्थियों को विशेष मेहनत करने की सलाह दी।आयोजक डाॅ. केके नाग ने धन्यवाद दिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सुनील यादव ने किया।