हरपालपुर। पलिया देलिया मार्ग पर अरवल थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर से सोमवार रात बाइक सवार पूर्व प्रधान पुत्र की मौत हो गई। बाइक सवार तेरहवीं में शामिल होकर वापस घर जा रहा था। दुर्घटना के बाद चालक ट्रैक्टर मौके पर छोड़ भाग निकला। अरवल थाना क्षेत्र के शहाबुद्दीनपुर निवासी प्रेमपाल कुशवाहा (35) खेती करते थे। गांव के पूर्व प्रधान और प्रेमपाल के पिता राजबहादुर ने बताया कि सोमवार को धर्मपुर गांव में एक तेरहवीं थी। इसमें शामिल होने के लिए प्रेमपाल बाइक से गए थे। रात में वापस गांव आ रहे थे। पलिया देलिया मार्ग पर बेड़ीजोर पुल के पास ट्रैक्टर की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सीएचसी हरपालपुर में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। कोतवाल वीरेंद्र पंकज ने बताया कि सीएचसी प्रशासन की सूचना पर शव पोस्टमार्टम को भेजा है। ट्रैक्टर पुलिस के कब्जे में है। चालक की तलाश की जा रही है।