कछौना। अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल बालामऊ रेलवे जंक्शन के पुनर्निमाण और सुठेना क्राॅसिंग पर बनने वाले अंडरपास का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल शिलान्यास किया। बालामऊ रेलवे जंक्शन पर 40 करोड़ से और सुठेना क्राॅसिंग के अंडर पास का चार करोड़ की लागत से निर्माण कराया जाएगा।
बालामऊ जंक्शन पर प्रधानमंत्री का वर्चुअल शिलान्यास कार्यक्रम लाइव देखा गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय सांसद अशोक रावत, नगर पंचायत अध्यक्ष राधा रमन शुक्ला सहित विभागीय अधिकारियों ने लाइव प्रसारण देखा। लाइव प्रसारण से पूर्व सांस्कृतिक कार्यक्रमों की कलाकारों ने प्रस्तुति दी। सांसद अशोक रावत ने कहा कि बालामऊ जंक्शन पर अब यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। सुठेना अंडरपास के बनने से आवागमन आसान होगा।
नगर पंचायत के अध्यक्ष राधा रमण शुक्ला ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। इन योजनाओं के माध्यम से देश का विकास बड़े पैमाने पर हो रहा है। उन्होंने क्षेत्रीय सांसद से कछौना में मंडी समिति का निर्माण करने की मांग की, जिस पर संसद ने आश्वस्त किया कि जल्द ही नगर में मंडी का निर्माण कराया जाएगा। भाजपा नेता अजय शुक्ला, स्टेशन अधीक्षक त्रिभुवन सिंह, नोडल ऑफिसर मनीष शर्मा, रेलवे बोर्ड के सदस्य नवल महेश्वरी, चीफ डब्लूएलआई संजीव माथुर, सीएमआई अंबुज मिश्रा, स्वास्थ्य निरीक्षक मनीराम मौजूद रहे।
जंक्शन को क्या-क्या मिलेंगी सुविधाएं-
बालामऊ जंक्शन पर 130 वर्ग मीटर में प्रतीक्षालय स्नान सुविधा के साथ, एग्जीक्यूटिव लाउंज 24, बैठने की सीटें 120, प्लेटफार्म पर आश्रय प्रत्येक प्लेटफार्म पर, मूत्रालय नौ, शौचालय 10, पेयजल के लिए 24 पानी की टोटी, फुटओवर ब्रिज प्लेटफार्म नंबर एक पर छह मीटर चौड़ा, दिव्यांग सुविधा, वाटर कूलर 05, रैंप आदि का निर्माण कराया जाएगा।
चार करोड़ से बनेगा अंडर पास-
सोमवार को प्रधानमंत्री ने गेट संख्या 257 सुठेना क्रासिंग पर बनने वाले अंडर पास का भी शिलान्यास किया। यह अंडरपास चार करोड़ की लागत से बनाया जाएगा। क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलेगी।