गांव से लेकर नगरीय क्षेत्रों में सख्ती से लॉकडाउन का पालन कराया जाए। बाजार, सार्वजनिक स्थलों में आने वाले लोगों व दुकानदारों से सोशल डिस्टेसिंग का पालन कराया जाए।
शाम सात से सुबह सात बजे तक किसी भी व्यक्ति को बिना आवश्यक कार्य घर से बाहर न निकलने दें। बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में कोविड-19 के संबंध में हुई बैठक की अध्यक्षता करते हुए लखनऊ मंडल आयुक्त मुकेश मेश्राम ने डीएम पुलकित खरे और एसपी पुलिस अधीक्षक अमित कुमार से ये बातें कही।
उन्होंने कहा कि सभी नोडल व अन्य अधिकारी अपने कर्तव्य का ईमानदारी से निर्वहन करें। आयुक्त ने सभी एसडीएम व सीओ को निर्देश दिए कि अभी से जिन गांवों में प्रवासी श्रमिक आ रहें हैं, उन पर नजर रखें।
ग्राम प्रधानों के साथ सोशल डिस्टेसिंग पर चर्चा करें। बैठक में नोडल अधिकारी अमृत त्रिपाठी, सीडीओ निधि गुप्ता वत्स, प्रशिक्षु आईएएस लक्ष्मी एन, एडीएम संजय कुमार सिंह, एएसपी ज्ञानंजय सिंह, त्रिगुण विसेन मौजूद रहे।
आयुक्त मुकेश मेश्राम ने बैठक में कहा कि गांवों में बहुत से श्रमिक काफी वर्षों बाद लौटे हैं। गांव में रह रहे परिवार के बीच भूमि, मकान आदि के बंटवारे की घटनाएं बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
इसलिए बीट सिपाही, सचिव, लेखपाल, कानूनगो से लेकर, इंस्पेक्टर, थानाध्यक्ष, क्षेत्राधिकारी व उप जिलाधिकारी गांव में होने वाली सभी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखें। गांवों में शांति व्यवस्था न बिगड़ने दें।
होम क्वारंटीन बाहर न घूमने पाएं
आयुक्त मुकेश मेश्राम ने बीडीओ को निर्देश दिए कि जिन गांवों में प्रवासी मजदूर आ रहे हैं, उनका व्यापक दौरा करें। गांवों में बनाई गई कोरोना निगरानी समितियों के सदस्यों के साथ बैठक करें। प्रवासी मजदूरों को 21 दिन तक होम क्वाइंटाइन करने के संबंध में विचार विमर्श करें।
ऐसे श्रमिकों के आवास के बाहर आशाएं पोस्टर लगाएं। वह गांव में घूमें नहीं। कोरोना निगरानी समिति की बैठक, पोस्टर लगाने, प्रभातफेरी आदि कार्यों की सूचना व्हाट्स एप के माध्यम से डीएम व सीडीओ को निगरानी समिति के सदस्य रोजाना दें।
आयुक्त मुकेश मेश्राम ने कहा कि गांव में प्रतिदिन पैदल, साइकिल, बस व श्रमिक एक्सप्रेस ट्रेनों से आने वाले प्रवासी मजदूरों की सूचना तत्काल ग्राम निगरानी समिति के सदस्य तहसील के एसडीएम, बीडीओ, सीएमओ या जिले पर स्थापित कंट्रोल रूम नंबर 05852-234629 पर दें।
सूचना विलंब से प्राप्त होने पर ग्राम कोरोना निगरानी समिति को जिम्मेदार माना जाएगा। संबंधित सदस्य पर कार्रवाई की जाएगी।