डा. राम मनोहर लोहिया समग्र्र ग्राम योजना में आवास
को लेकर धांधली करने का आरोप लगा कार्रवाई समेत कई मांगों को लेकर
कलक्ट्रेट में शुरू हुआ ग्रामीणों का धरना 11वें दिन गुरुवार को भी जारी
रहा। प्रशासनिक तौर पर कोई सुनवाई न होने पर तीन ग्रामीण क्रमिक अनशन पर
बैठ गए।
कलक्ट्रेट में धरने पर बैठे ग्राम गढ़ी के ग्रामीणों ने बताया
कि लोहिया आवासों को लेकर उनके गांवों में जमकर धांधली हुई है। जिम्मेदारों
ने गरीबों को दरकिनार कर अपात्रों को लाभ दे दिया है। निर्धन, गरीब खेतिहर
मजदूर पेशा लोगों के होने के बावजूद प्रधान, सेेक्रेटरी व विकास विभाग के
अफसरों की मिली भगत से लोहिया आवासों में अपात्रों का चयन कर लिया गया,
जोपूर्व में इंदिरा आवास पा भी चुके हैं।
आरोप लगाया जिनके पक्के बड़े बड़े
मकान बने हैं, उनको भी सुविधा शुल्क लेकर आवास दिलाए जा रहे
हैं। ग्रामीणों ने जांच करा जिम्मेदारों पर रिपोर्ट दर्ज कर
कार्रवाई की मांग की। इसके साथ पट्टे की भूमि को लेकर हुए विवाद में
महिलाओं के साथ अभद्रता करने वालों पर भी कार्रवाई की मांग की गई, पर अब तक
धरने पर बैठे-बैठे 11 दिन गुजर गए, पर न तो कोई प्रशासनिक अधिकारी उनके
धरना स्थल की तरफ आया और न ही किसी ने बुलाकर आश्वासन तक दिया।
अब खफा
प्रदर्शनकारियों ने इसे क्रमिक अनशन में बदल दिया। क्रमिक आमरण अनशन पर
संतोष कुमार, सुम्मी एवं सुनील शामिल रहे। ग्रामीणों ने कहा कि जब तब न्याय
नहीं मिलेगा तब तक अनशन भी जारी रहेगा। इस मौके पर सुधीर, लालता प्रसाद,
रामहेत, राघवेंद्र सिंह, बृजराज, दिनेश कुमार आदि मौजूद थे।