हरदोई। कोहरे के कारण परिवहन निगम की बसों के पहिए थम गए हैं। अधिकांश मार्गों पर शाम को बसों को संचालन रोका गया है। इससे यात्रियों को वाहनों की तलाश में भटकना पड़ रहा है। रात्रिकालीन बस सेवा लगभग बंद हो गई है।
स्थानीय रोडवेज बसों से 136 बसों को नियमित संचालन किया जाता है। प्रतिदिन 10 हजार से अधिक यात्री बसों के माध्यम से यात्रा करते थे। मगर कोहरे के कारण बसों का नियमित संचालन नहीं हो पा रहा है। प्रतिदिन 30 से 35 बसों का संचालन नहीं हो पा रहा है। स्थानीय स्टेशन पर यात्रियों की संख्या घट कर सात हजार के आस पास पहुंच गई है। इसके अलावा, हरदोई परिक्षेत्र में 20 से 25 प्रतिशत बसों का हर मार्ग पर संचालन बंद हो गया है। वह रोडवेज बस स्टेशन व वर्कशाप में खड़ी हो रही है।
कोहरे के कारण रात्रि कालीन सेवा भी प्रभावित हो रही है। विभागी आंकड़ों के अनुसार, रात्रि सेवा 50 प्रतिशत तक प्रभावित हुई है। जबकि हकीकत में रात्रि सेवा न के बराबर रह गई है। बसों के नियमित संचालित न होने से यात्रियों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है। शाम को यात्रियों को वाहन की तलाश में भटकना पड़ता है। आरएम अपराजित श्रीवास्तव ने बताया कि कोहरे से बस सेवा प्रभावित हुई है। वाहन चालकों को सावधानी पूर्वक बसों के संचालन के निर्देश दिए गए हैं। अधिक कोहरा होने पर बसों को हादसे से बचाने के लिए रोकना पड़ रहा है।