हरदोई। बरसात के बाद नदियों के जलस्तर में होने वाली बढ़ोतरी के मद्देनजर बिलग्राम और शाहाबाद एसडीएम ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया। अधिकारियों से कहा कि बाढ़ से बचाव के लिए सभी बुनियादी व्यवस्थाएं जुटा लीं जाएं। पुन्ना पुरवा में आबादी से 200 मीटर दूर तक पानी पहुंचा।
तहसील बिलग्राम क्षेत्र के प्रधानों की डीएम एमपी सिंह ने शनिवार को बैठक की थी। इसमें प्रधान पन्ना, पूर्व श्रीपाल ने जानकारी दी थी कि पानी तेजी से गांव की ओर बढ़ रहा है और आबादी के कुछ दूरी पर ही है। बिलग्राम क्षेत्र के राजघाट क्षेत्र में प्रत्येक वर्ष बाढ़ आती है और कटान होता है। इस पर मंगलवार को एसडीएम राकेश सिंह के नेतृत्व में टीम ने जायजा लिया। टीम में बिलग्राम बीडीओ, नहर विभाग के अभियंता, लोक निर्माण विभाग के अभियंता, स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक सहित बचाव कार्यों से जुड़े विभागों के अधिकारियों ने मौका मुआयना किया। पुन्ना पुरवा के संबंध में एसडीएम ने बताया कि यहां पर आबादी से 200 मीटर की दूरी पर पानी है।
नहर विभाग के अभियंता को निर्देशित किया गया कि इसकी रोकथाम के लिए बोरियों को लगवाएं। घासीराम पुरवा में टूटी सड़क, राजघाट पर रास्ता को दुरुस्त कराने के निर्देश लोक निर्माण विभाग को दिए गए हैं। बताया कि पानी लगातार छोड़ा जा रहा है। नौ बाढ़ चौकियों को सक्रिय किया गया है।
शाहाबाद एसडीएम पूनम भास्कर ने कहारकोला व खजुहाई में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों और बचाव का जायजा लिया। अधिकारियों से कहा कि बाढ़ से पूर्व सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। पशुओं के लिए चारे का पर्याप्त प्रबंध रखा जाए। कहारकोला में ग्रामीणों से बाढ़ के संबंध में जानकारी भी ली।