पुलिस व वन विभाग की संयुक्त टीम ने गुरुवार को नगर के मोहल्ला खेड़ाबीबीजई स्थित एक मकान में छापा डाला। टीम ने मौके से एक बोरी में तीन व बंद कमरे में दो कछुए बरामद किए।
मकान में मौजूद दोनों आरोपी टीम को देख मौके से भाग गए। वनकर्मी की तहरीर पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शाहाबाद कोतवाल संत प्रसाद उपाध्याय को गुरुवार की सुबह सूचना मिली कि मोहल्ला खेड़ाबीबीजई स्थित एक मकान में कुछ लोगों द्वारा तस्करी के लिए कछुए एकत्र किए गए हैं। सूचना मिलने के बाद वन कर्मी के साथ टीम ने मौके पर छापा डाला।
छापे के दौरान पुलिस ने मकान के अंदर एक बोरी में रखे तीन कछुए बरामद किए। बंद कमरे को खोलकर तलाशी लेने पर कमरे में बंद दो कछुए और बरामद किए गए। घर में मौजूद दो लोग पुलिस टीम को देखकर मौके से फरार हो गए।
कोतवाल ने बताया कि वनकर्मी मोहम्मद कलीम की तहरीर पर दीपू पुत्र रमेश व उसके भाई रिंकू के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।