हरदोई। शहर के मोहल्ला वैटगंज उत्तरी में बीते 20 दिन से दूषित पानी की समस्या खबर प्रकाशन होते ही सुधर गई।
खबर के संबंध में जानकारी लेते ही नगर पालिका कर्मियों ने लीकेज को ढूंढकर सुधारना शुरू कर दिया और एक ही दिन में पाइप लाइन बदल कर दूषित पानी की समस्या दूर कर दी। मोहल्ले में लोगों को अब स्वच्छ पेयजल मिलने लगा है।
नगर पालिका के जिम्मेदारों की लापरवाही से बीते 20 दिन से पांच हजार आबादी पेयजल की किल्लत से परेशान थी। पाइप लाइन से गंदा व बदबूदार पानी आने से लोगों ने पानी का प्रयोग पीने में नहीं किया, लेकिन नहाने-धोने व अन्य कामों में प्रयोग किया था। इसको लेकर संक्रमण का खतरा भी मंडरा रहा था।
हालांकि, पेयजल की किल्लत होने पर मोहल्लेवासियों के हंगामे पर दो टैंकराें से पानी की आपूर्ति की गई, लेकिन लोगों को एक या दो बाल्टी ही पानी मिल रहा था। दूषित पानी की जानकारी अमर उजाला को हुई तो मौके पर लोगों से बात कर खबर का प्रकाशन किया गया। इसके संबंध में पालिका अधिकारियों से जानकारी करते ही कर्मियों ने देर शाम को ही लीकेज ढूंढ लिया और रविवार तक लीकेज की समस्या दूर कर स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति शुरू कर दी।