-नगरवासियों को कब मिलेगी समस्याओं से मुक्ति
- जर्जर सड़कें, दूषित पानी और जलभराव से जूझ रही जनता
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। शहर में ट्रिपल इंजन की सरकार बन चुकी है। शनिवार को नगर पालिका परिषद बोर्ड की पहली बैठक है। इसमें नगरवासियों को जलभराव, पीने के पानी की समस्या और जर्जर सड़कें समस्या बनी हुईं हैं। हालांकि पालिका प्रशासन ने नगरीय जनसुविधाओं और जनसमस्याओं की सूची पहले तैयार कर ली है। ताकि बोर्ड की पहली बैठक के साथ ही उन पर तेजी से काम किया जा सके। एजेंडे में शहर के सुंदरीकरण से लेकर आमजन की मुख्य समस्याओं के समाधान संबंधित कई प्रमुख मुद्दे शामिल किए जाएंगे।
शहर की आबादी लगातार बढ़ रही है। ऐसे में जनसुविधाओं की कमी से आम जनता जूझ रही है। नगर के रद्देपुरवा, रेजवेगंज सहित दर्जनों मोहल्लों की जर्जर सड़कों से आम लोगों का निकलना दूभर है। आए दिन इन सड़कों पर गिरकर चुटहिल हो रहे हैं। इसके अलावा शहर के मोमिना रोड, सर्कुलर रोड, धर्मशाला रोड के कई इलाके इन दिनों पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। कई बार यहां के रहने वाले लोगो ने इसकी शिकायत नगर पालिका से पहले भी कर चुके हैं, मगर पीने के साफ पानी के लिए अब भी लोग तरस रहे हैं।
वहीं, नालों की साफ सफाई नहीं होने से पूरे शहर में गलियों पर पानी भरा रहता है। इससे हमेशा संक्रामक रोगों के फैलने की आशंका बनी रहती है। नगर के मोलिया से पिहानी चुंगी और पिहानी चुंगी से धन्नो पुरवा से होकर निकलने वाले नालों से घरों का पानी बाहर जाता है। इन दोनों नालों की साफ सफाई नहीं होने से लोग हमेशा परेशान रहते हैं। यहां के रविकांत, राहुल कुमार, शिवराम आदि का कहना है कि अब शहर से लेकर प्रदेश और केंद्र तक एक ही सरकार है। उनका कहना है कि अब देखना है कि नगरवासियों को मूलभूत समस्याओं से कब तक निजात मिल पाएगी।
इसलिए बढ़ गई जिम्मेदारी
यहां की जतना ने सुख सागर मिश्रा को बड़े अंतर से जिताकर विकास कराने की जिम्मेदारी ट्रिपल इंजन की सरकार पर डाल दी है। ऐसे में संसाधनों की कमी और बजट के अभाव में बुनियादी सुविधाओं के साथ साथ जन आपेक्षाएं बढ़ गई हैं।
-
नगर पालिका की पहली बैठक से नगर में नवीन और पहले से चल रहे विकास कार्यों में और तेजी लाने पर चर्चा हो सकती है। बैठक में सभी सभासदों की सहमति से एजेंडे के सभी मुद्दों पर सहमति बनाकर शहर के विकास को बढ़ावा देने का प्रयास होगा।
रविशंकर शुक्ला, ईओ नगर पालिका