हरदोई। बुधवार को पटाखा बनाने के दौरान हुए विस्फोट से घायल तौहीद की उपचार के दौरान लखनऊ के ट्रामा सेंटर में शुक्रवार देर रात मौत हो गई। घटना वाले दिन एक किशोर की मौत हो गई थी। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद तौहीद का शव घर पहुंचा और इसके बाद सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
टड़ियावां थानाक्षेत्र के गोपामऊ कस्बे के मोहल्ला बड़ी बाजार निवासी तौहीद (32) बिना लाइसेंस के ही पटाखा बनाने का काम करता था। बीते बुधवार को पटाखा बनाते समय विस्फोट हो गया था। विस्फोट के कारण पटाखा बना रहे तौहीद, हरिपाल उर्फ छोटे (15) व राहुल (26) गंभीर रूप से झुलस गए थे। तीनों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल भेजा गया था। यहां हरिपाल को मृत घोषित कर दिया गया था, जबकि राहुल और तौहीद को लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया था। शुक्रवार देर रात 12 बजे ट्रामा सेंटर में तौहीद की मौत हो गई।
वेल्डिंग का कारीगर था तौहीद, बनाने लगा था पटाखे
गोपामऊ कस्बे के मोहल्ला बड़ी बाजार के बाशिंदों के मुताबिक, तौहीद दो भाइयों में छोटा था। बड़ा भाई वलीउद्दीन लंबे समय से अपने परिवार के साथ लखनऊ में रहता है। तौहीद भी गुजरात में रहता था। वह वेल्डिंग का कारीगर था। कुछ माह पहले ही वह गुजरात से गोपामऊ आया था। विश्वस्त सूत्रों के मुुताबिक, गुजरात में वेल्डिंग का काम सीखने के दौरान ही तौहीद ने पटाखा बनाना सीख लिया था। गोपामऊ में बड़ी बाजार में तौहीद का मकान संकरी गलियों में था। दिवाली के मद्देनजर उसने यहां आतिशबाजी बनाने का काम शुरू किया और इसी दौरान हुए विस्फोट में उसकी जान चली गई। उसके परिवार में पत्नी और दो पुत्रियां हैं।
घटना के बाद तौहीद पर दर्ज हुए थे दो मुकदमे
बुधवार को गोपामऊ में विस्फोट के बाद तौहीद के खिलाफ दो मुकदमे भी दर्ज किए गए थे। इसी घटना में जान गंवाने वाले हरपाल के पिता सुरेश की तहरीर पर पुलिस ने तौहीद के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। इसके अलावा, गोपामऊ चौकी प्रभारी मुकुल दुबे ने भी तौहीद के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, 1908 की धारा 4 व 5 के तहत टड़ियावां थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।