माधौगंज। थाना क्षेत्र के रूदामऊ में गणेश लक्ष्मी की मूर्तियां रखने के लिए किराये पर लिए गए मकान में पटाखे और फुलझड़ी का भंडारण कर लिया गया। मुखबिर की सूचना पर शनिवार देर रात पुलिस ने छापा मारकर 35 गत्तों में भरकर रखे गए अलग-अलग तरह के पटाखे, चकरी और अनार समेत अन्य सामग्री बरामद कर ली। मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
नगर से कुछ दूरी पर रूदामऊ गांव है। रूदामऊ में अंकित राठौर का मकान है। मकान के पड़ोस में ही रहने वाली अंकित की भाभी रीतू ने बताया कि नगर के अंबेडकरनगर निवासी अभिषेक, बाबुल और टइया ने मकान किराये पर लिया था। इन लोगों ने 15 दिन पहले बताया था कि दीवाली के मद्देनजर गणेश लक्ष्मी आदि की मूर्तियां यहां रखेंगे। इस सबके बीच शनिवार रात मुखबिर की सूचना पर सीओ बिलग्राम, राम सूरत सोनकर, थानाध्यक्ष राज कुमार सरोज मौके पर पहुंचे।
ग्राम प्रधान अनुज कुमार, गांंव के केके तिवारी और रीतू के सामने बंद मकान का ताला तुड़वाया गया। इस दौरान अंदर से 35 गत्तों में भरे अलग-अलग तरह के पटाखे, माचिस बम, फुलझड़ी, मुर्गाछाप, अनार, चकरी आदि सामग्री बरामद हुई। बरामद की गई सामग्री पुलिस ने जब्त कर ली। थानाध्यक्ष राज कुमार सरोज की शिकायत पर तीन लोगों को नामजद करते हुए विस्फोटक अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।