संवाद न्यूज एजेंसी
पाली। कस्बे में नगर पंचायत के पास स्थित एक किराना व मिठाई दुकान की गोदाम में मंगलवार की देर रात अज्ञात कारणों से आग लग गई। रात्रि गश्त पर तैनात पुलिस कर्मियों ने दुकान में लगी आग की लपटों को देखकर घटना की सूचना अग्निशमन विभाग को दी। सूचना पर पहुंची दमकल की तीन गाड़ियों ने करीब चार घंटे की कड़ी मशक्त के बाद आग पर काबू पाया। इस अग्निकांड में मिठाई व परचून की दुकान से करीब 35 लाख रुपये का सामान जलकर खाक गया।
पाली थाना क्षेत्र के कस्बा के मोहल्ला काजी सराय दक्षिणी निवासी अशोक गुप्ता की नगर पंचायत के पास मुख्य बाजार में मिष्ठान की दुकान है। जिसमें उनका बेटा शिवम बैठता है जबकि दूसरी दुकान में अशोक किराना का बड़ा कारोबार है। दुकान के पीछे बनी गोदाम में दोनों दुकानों के सामान का स्टॉक रखा जाता है। मंगलवार की देर रात गोदाम में अज्ञात कारणों से अचानक आग लग गई।
गश्त कर रही पुलिस ने दुकान से निकल रही आग की लपटों को देखा। पुलिस ने रात करीब ढाई बजे अशोक को सूचना दी। दुकानदार मौके पर पहुंच गए, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। नगर पंचायत के टैंकरों से पानी डालकर कर दुकान मालिक व लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नही मिल सकी।
सूचना पाकर करीब साढ़े तीन बजे सवायजपुर, मझिला, हरदोई से दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची। करीब चार घंटे की कड़ी मेहनत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। गोदाम का सारा सामान जलकर राख हो चुका था। अशोक ने बताया रक्षाबंधन त्योहार को लेकर बनाई गई मिठाई, चीनी, रिफाइंड, बेसन, घी व भारी मात्रा में परचून का स्टॉक जमा था।
उन्होंने बताया अग्निकांड में परचून की दुकान का करीब 25 लाख व मिठाई की दुकान का करीब 10 लाख का सामान जलकर राख हुआ है। क्षेत्रीय लेखपाल ने अग्निकांड में हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। प्रभारी निरीक्षक धीरज शुक्ला ने बताया आग लगने के कारण का पता लगाया जा रहा है।
-
फोटो- 33 घर में लगी आग से जली बाइक को दिखाता पीड़ित
घर में गैस चूल्हे पर चाय बनाते समय लगी आग ,एक लाख का नुकसान
पाली। कस्बा मोहल्ला सराय सैफ निवासी लालू सक्सेना ड्राइवर है। लालू ने बताया कि मंगलवार रात करीब 11 बजे पत्नी पंचा सिर में दर्द होने के कारण कमरे में रखे गैस चूल्हे पर चाय बना रही थी। सिलेंडर में लगी पाइप लीकेज होने के कारण अचानक सिलेंडर में आग लग गई। किसी तरह से आग पर काबू पाया गया। तब तक आग से कमरे में रखी गृहस्थी का सारा सामान, कपड़े, कुर्सी, बाइक, पायल, झुमकी व 15 हजार की नकदी जलकर राख हो गई। लालू ने बताया आग में करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है।