हरदोई । भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा के इलेक्ट्रिक पैनल में आग लगने से वहां मौजूद स्टाफ में खलबली मच गई। इसी बीच एक सिपाही ने बैंक में लगे अग्निशमन सिलिंडर से आग पर काबू पा लिया। दमकल की दो गाड़ियों ने आग को बुझाया।
भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा हरदोई की पुलिस लाइन के ठीक सामने है। बुधवार दोपहर ढाई बजे के करीब शाखा के इलेक्ट्रिक पैनल में आग की लपटें उठते लगीं। इससे बैंक में खलबली मच गई। घटना के दौरान यहां पर बड़ी संख्या में ग्राहक भी मौजूद थे। बैंक में तैनात गार्ड ने फायर उपकरणों से आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। लोगों के साथ कर्मचारी भी बैंक के बाहर निकल पड़े। इसी बीच बघौली थाने में तैनात सिपाही अभिषेक कुमार बैंक में किसी काम से आए थे। प्रत्यदर्शियों के मुताबिक जब लोग बैंक से बाहर निकल कर भाग रहे थे, उसी समय सिपाही अभिषेक ने बैंक के अंदर लगे अग्निशमन यंत्र को उठाकर आग पर काबू पा लिया।
सिपाही ने बताया कि वह आग बुझाने का प्रशिक्षण ले चुका है। लोगों ने यह देखकर सिपाही की सराहना की। वही, दमकल विभाग की टीम भी पहुंच गई। उससे पूरी तरह से आग को बुझाया जा सका।
मुख्य शाखा प्रबंधक रंजना ने बताया कि कोई खास नुकसान नहीं हुआ है। कुछ कागज जले हैं। दमकल कर्मियों के मुताबिक आंशिक रूप से गत्ते आदि ही जले हैं।