हरपालपुर। अरवल थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने कन्नौज के एक युवक पर प्राथमिकी दर्ज कराई। युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया। युवक के बड़े भाई की ससुराल युवती के गांव में है।
एक गांव निवासी युवती ने दर्ज कराई प्राथमिकी में बताया कि कन्नौज जनपद के सौरिख थाना क्षेत्र के बूटा नगला निवासी आनंद कुमार के भाई की ससुराल उसके गांव में है। इस कारण आनंद का अक्सर गांव आना-जाना रहता है। दावा है कि इस दौरान युवती की मुलाकात आनंद से हुई। आरोप है कि शादी का झांसा देकर आनंद युवती को एक होटल में ले गया और उससे शारीरिक संबंध बना लिए। बाद में शादी से इन्कार कर दिया। अब बदनाम करने की धमकी देते हुए आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की बात भी आरोपी कह रहा है।
युवती का दावा है कि उसने अरवल थाने में शिकायत दर्ज कराई थी लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इस पर उसने पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा से शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि कन्नौज निवासी युवक के खिलाफ शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का मामला दर्ज किया गया है।