भरावन। अतरौली थाना क्षेत्र के मदारपुर में लकड़ी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की जांच करने पहुंची वन रक्षक से अभद्रता की गई। पुलिस ने शिकायत मिलने पर तीन लोगों को नामजद करते हुए प्राथमिकी दर्ज की।
वन रक्षक इरफान अहमद ने बताया कि छह अक्तूबर की रात नौ बजे मदारपुर स्थित धर्मकांटे पर बिना परमिट के पेड़ कटवाने के बाद लकड़ी भेजे जाने की सूचना मिली थी। इस पर वह धर्मकांटे पर गए थे। उन्हें देखकर ट्रैक्टर चालक पितौली खेड़ा निवासी देशराज लकड़ी सड़क किनारे उतारकर ट्रैक्टर समेत भाग गया था।
आरोप है कि इसके बाद वह महमदापुर निवासी लकड़ी ठेकेदार दिवाकर सिंह और हिरईखेड़ा निवासी सुखराम वहां आ गए। आरोप है कि इन लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए सरकारी काम में भी बाधा डाली। वन रक्षक की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी भाग गए। वन रक्षक ने बताया कि मौके से जामुन के साथ नीम के नौ, शीशम के तीन बोटे समेत 21 बोटा लकड़ी बरामद हुई। लकड़ी की सुपुर्दगी पहाड़पुर निवासी अब्दुल रहमान को दी गई है। प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत पांडेय ने बताया कि तीनों आरोपियों को नामजद करते हुए अज्ञात लोगों पर भी प्राथमिकी दर्ज की गई है।