पिहानी। सभासदों की शिकायत पर आउटसोर्सिंग के तीन सुपरवाइजरों को हटाने का मामला तूल पकड़ गया।
हटाए गए और नए तैनात किए गए सुपरवाइजर के बीच भी तकरार हो गई। सुपरवाइजर पद से हटाए गए मनोज कुमार ने नगर पालिका अध्यक्ष के प्रतिनिधि सैफ सईद खां पर गाली गलौज कर धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत की। पुलिस ने सैफ सईद खां पर अनुसूचित जाति उत्पीड़न समेत कई धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की।
बीते दिनों नगर पालिका के 22 सभासदों ने नगर पालिका में तैनात सफाई सुपरवाइजर मनोज कुमार, विजय और रवि की शिकायत नगर पालिका अध्यक्ष शाहीन बेगम से की थी। सभासदों का आरोप था कि उक्त कर्मचारियों ने नगर के एक संभ्रांत व्यक्ति से अभद्रता की। शिकायत मिलने पर अध्यक्ष ने अधिशासी अधिकारी को इस मामले में कार्रवाई के लिए कहा था। इसके बाद ईओ अमित सिंह ने मनोज, विजय और रवि को सुपरवाइजर के पद से मुक्त कर दिया था।
इनकी ड्यूटी डंपिंग ग्राउंड, वेस्ट यूनिट और कान्हा गोशाला में लगा दी गई थी। इसके स्थान पर सूरज कुमार और दिलीप कुमार को सुपरवाइजर तैनात किया गया था। इसके बाद मनोज ने नगर पालिका अध्यक्ष के प्रतिनिधि सैफ सईद खां पर अभद्रता और गाली-गलौज का आरोप लगाकर पुलिस में शिकायत की।
इसके अलावा नवनियुक्त सुपरवाइजर सूरज कुमार ने शिकायती पत्र देकर मनोज पर साथियों के साथ घर में घुसकर हमला करने का आरोप लगाया। कोतवाल छोटेलाल ने बताया कि सैफ सईद खां के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस मामले में नगर पालिका अध्यक्ष शाहीन बेगम ने कहा कि यह राजनीतिक साजिश है। इसके तहत ही उनके बेटे को जबरन फंसाया गया है।