शाहाबाद। मझिला थाना क्षेत्र के झबरापुर गांव में युवक के बीते 29 अप्रैल को खुदकुशी करने के मामले में नया मोड़ आया है। घटना से 24 घंटे पहले मृतक ने अपनी पत्नी को प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हालत में देखा था। इसके बाद प्रेमी ने अपने दोस्त के साथ मिलकर युवक को धमकाया था। मृतक के पिता की शिकायत पर पुलिस ने पत्नी और उसके प्रेमी समेत तीन लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की प्राथमिकी दर्ज की।
झबरापुर निवासी राम किशोर ने पुलिस में शिकायत की। बताया कि उनके पुत्र शिवरतन की शादी 15 साल पहले लखीमपुर के मैगलगंज कोतवाली क्षेत्र के सेमराघाट निवासी नन्हीं के साथ हुई थी। दोनों के चार बच्चे हैं। बताया कि पिछले तीन साल से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। आरोप है कि बीते 28 अप्रैल की रात शिवरतन ने पत्नी नन्हीं को प्रदीप नाम के युवक के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। दावा है कि पत्नी के प्रेमी प्रदीप ने अपने साथी पंचम के साथ मिलकर शिवरतन को धमकाया। कहीं भी प्रेम प्रसंग की बात बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद 29 अप्रैल को नन्हीं घर से चली गई। पत्नी नन्हीं, प्रेमी प्रदीप और उसके सहयोगी पंचम की प्रताड़ना से तंग आकर शिवरतन ने 29 अप्रैल को फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। थाना प्रभारी सतेंद्र सिंह ने बताया कि पत्नी सहित तीन लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है।