हरदोई। शहर में मीटर रीडिंग में गड़बड़ी की शिकायत मिलने के बाद विभाग ने रैंडम 30 उपभोक्ताओं के बिलों व मीटर रीडिंग की जांच कराई तो 30 में से 16 उपभोक्ताओं के बिलो में अनियमितता पाई गई। पता लगा कि कंपनी के कर्मचारियों द्वारा डोर टू डोर बिल पहुंचाने में लापरवाही बरती जा रही है, जिससे राजस्व प्रभावित हो रहा है। गड़बड़ी सामने आने के बाद बुधवार को एसडीएम ने संबंधित कंपनी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी है।
विद्युत विभाग द्वारा शहर व विद्युत वितरण खंड द्वितीय में प्राइवेट कंपनी के माध्यम से मीटर रीडिंग व बिल वितरण का काम कराया जा रहा है। शहर और उपखंड में ये काम मेसर्स फ्लूएंड ग्रिड लिमिटेड लखनऊ नाम की कंपनी द्वारा किया जा रहा है।
शहर में लोगों को समय से बिल न मिलने व मीटर रीडिंग में गड़बड़ी किए जाने की शिकायत मिलने के बाद विभागीय स्तर से जांच की गई। अधिकारियों ने कंपनी द्वारा कराई गई बिलिंग में से 30 उपभोक्ताओं के यहां सैंपल बिलिंग कराई तो 16 उपभोक्ताओं के बिल में अनियमितता मिली। इसमें से 14 कनेक्शन ऐसे मिले, जिनमें अधिक रीडिंग स्टोर मिली, जिससे विभाग को सीधे तौर पर 2 लाख 65 हजार रुपये से अधिक की क्षति हुई।
यही नहीं जांच में ये भी स्पष्ट हुआ कि कंपनी के कर्मचारियों द्वारा उपभोक्ताओं को डोर टू डोर रीडिंग आधारित बिल नहीं दिए जा रहे हैं, जिससे विभाग का राजस्व प्रभावित हो रहा है। गड़बड़ी सामने आने के बाद एसडीएम द्वितीय आदित्य कुमार, अवर अभियंता दीपक जायसवाल व अवर अभियंता ने मनोज सिंह यादव ने कोतवाली पहुंच कर कंपनी के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।