हरदोई। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने बोर्ड परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी कर दी है, जिसमें प्रत्यावेदन देने वाले 19 स्कूलों को राहत मिली है। अन्य प्रत्यावेदनों को खारिज करते हुए बोर्ड ने केंद्रों की संख्या में कोई बदलाव नहीं किया है और जिला समिति से अनुमोदित विद्यालयों को ही यथावत केंद्र रखा है।
जिले के 98,163 विद्यार्थियों की यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए पहली सूची में 148 विद्यालयों को केंद्र बनाया गया था। प्रत्यावेदनों के बाद जिला परीक्षा समिति ने 126 केंद्रों और छात्र आवंटन का प्रस्ताव बोर्ड को भेजा था। इस प्रस्ताव पर जिले के 46 प्रधानाचार्यों ने पुनः प्रत्यावेदन दिए थे।
बोर्ड ने नया केंद्र बनाने या हटाने की मांग को खारिज कर दिया लेकिन अधिक धारण क्षमता वाले चार विद्यालयों के परीक्षार्थियों को दूसरे केंद्रों पर शिफ्ट कर राहत दी है। साथ ही दूरी अधिक होने के कारण 15 विद्यालयों के केंद्रों में भी संशोधन किया गया है। शुक्रवार को जारी अंतिम सूची के अनुसार अब इन्हीं 126 केंद्रों पर परीक्षा होगी।
षष्ठ मंडल लखनऊ के संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को अंतिम सूची के अनुसार ही परीक्षा की तैयारी करने के निर्देश दिए गए हैं।