चकबंदी लेखपाल चयन परीक्षा रविवार को जिले के 28 केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा में कुल आवेदकों 13347 में से करीब 50 फीसदी आवेदक अनुपस्थित रहे। परीक्षा प्रभारी अपर जिलाधिकारी लक्ष्मी शंकर सिंह अपनी टीम के साथ परीक्षा केंद्रों का जायजा लेते रहे और परीक्षा संपन्न होने के बाद परीक्षा पुस्तिकाओं को कड़ी सुरक्षा में सील कर निर्धारित स्थान के लिए रवाना किया गया।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि 13347 आवेदकों के लिए जिले में 28 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। जहां सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात करते हुए। सुरक्षा आदि व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात किया गया था। परीक्षा में करीब 50 फीसदी आवेदक शामिल हुए। उन्होंने बताया कि चकबंदी विभाग के दो एसओसी को रिजर्व सेक्टर मजिस्ट्रेट के लिए तैनात किया गया था।
इसके अलावा अन्य विभागों के अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाया गया था। सेक्टर मजिस्ट्रेट की निगरानी में परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से हुई। कहीं गड़बड़ी मिलने की सूचना नहीं मिली। केंद्रों पर आवेदकों की नियमानुसार तलाशी एवं वीडियोग्राफी के बीच प्रवेश दिया गया और निष्पक्षता से परीक्षाएं कराई गई।