हरदोई महोत्सव में बीती रात शक्ति डांस ग्रुप ने कई
गीतों पर नृत्य करके लोगों को भी झूमने पर मजबूर किया। शक्ति डांस ग्रुप के
सदस्यों ने काफी हैरतअंगेज और दिल को छू लेने वाला डांस प्रस्तुत किया।
जिस पर तालियाें से पंडाल गूंज उठा।
सीएसएन कालेज में शक्ति डांस ग्रुप
ने कई गीतों पर परफार्मेंस देकर लोगों को भी झूमने पर मजबूर कर दिया। शक्ति
डांस ग्रुप की शीना मोदी के साथ आए तमाम कलाकारों ने फिल्मी आइटम गीतों पर
बेहतरीन डांस प्रस्तुत किया। जिसको देखने आए तमाम लोग भी नृत्य के साथ
थिरकने पर मजबूर हो गए।
डांस परफार्मेंस के बाद डीएम रमेश मिश्र व
डायरेक्टर नागेंद्र मिश्र ने डांस ग्रुप की शीना मोदी और उनके सहयोगियों को
बुकें देकर सम्मानित भी किया। उधर, महोत्सव के मंच पर स्थानीय प्रतिभाओं
को अधिक स्थान दिया जा रहा है। जिसके ही क्रम में सोमवार को मंच पर
सर्वोत्तम संगीत महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रस्तुति दी।
जिसमें बच्चों ने अपनी प्रतिभा के बल पर दर्शकों को प्रभावित किया और
तालियां बटोरीं। साथ ही डीएम द्वारा गोद लिए गांव बर्राडाल सिंह की
छात्राओं ने एक गीत प्रस्तुत किया। सीएसएन डिग्री कालेज में सोमवार को भी
दिन में स्थानीय प्रतिभाओं को मौका दिया गया।
सर्वोत्तम संगीत महाविद्यालय
के प्रधानाचार्य सर्वोत्तम श्रीवास्तव के निर्देशन में विद्यालय के बच्चों
ने एक प्रार्थना नृत्य की प्रस्तुति दी। आकाशवाणी गायिका वेदऋचा श्रीवास्तव
द्वारा प्रार्थना ‘हर जगह, हर तरफ, हर कहीं पर है हां उसी का नूर’ गीत पर
अपनी प्रस्तुति दी।
बच्चों में शिवानी, वैष्णवी, ज्योति, मुस्कान, अक्षय,
अभिषेक और अराध्या ने इस प्रार्थना पर बड़े ही बेहतर ढंग से अपनी प्रस्तुति
दी, जिसको लोगाें ने काफी सराहा और जमकर तालियां बजाईं। इसमें विनय शर्मा
द्वारा बांसुरी वादन तथा प्रधानाचार्य द्वारा तबला वादन किया गया।
अद्वितीय
राय ने गजल गायकी के अतिरिक्त लोकगीत भी प्रस्तुत किया। डीएम द्वारा गोद
लिए गए अहिरोरी विकास खंड के गांव बर्राडाल सिंह में संचालित विशेष बालिका
शिक्षा केंद्र के बच्चों द्वारा भी गीत प्रस्तुत किया गया। शिक्षा की
महत्ता पर आधारित इस गीत में बच्चों ने लोगों को शिक्षा के महत्व के बारे
में समझाया।