हरदोई। नए शिक्षा सत्र में बच्चों को विद्यालयों में शत प्रतिशत नामांकन कराने के लिए परिषदीय विद्यालयों में 30 मार्च को उत्सव मनाया जाएगा। परीक्षा फल वितरण के साथ ही प्रवेश प्रक्रिया के लिए भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
एक अप्रैल ने नवीन शिक्षा सत्र शुरू हो रहा है। शिक्षा सत्र के शुरू होने के साथ ही जिले के 6 से 14 साल के बच्चों के विद्यालयाें में प्रवेश के लिए अभियान चलाया जाएगा। इस संबंध में प्रमुख सचिव शासन की ओर से दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। जिसके तहत 30 मार्च को परीक्षा फल के वितरण के साथ ही विद्यार्थियों की प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
इसके तहत 30 मार्च को विद्यालयों में प्रवेश उत्सव मनाया जाएगा। जिसमें विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विद्यार्थियों के विद्यालय में शत प्रतिशत नामांकन पर जोर दिया जाएगा। प्रमुख सचिव के आदेश के बाद बीएसए डा. बृजेश मिश्र ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को स्कूल चलो अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि विद्यालयों में शत प्रतिशत नामांकन कराया जा सके।