मनरेगा से होने वाले कार्यों की समीक्षा मंगलवार को
विकास भवन में की गई। उपायुक्त मनरेगा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में
अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी, तकनीकी सहायकों व कंप्यूटर आपरेटरों को दिशा
निर्देश दिए गए। उपायुक्त मनरेगा ने मस्टर रोल की फीडिंग पर अधिक जोर देते
हुए हीलाहवाली बरतने पर कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।
मनरेगा योजना
से होने वाले कार्यों की समीक्षा बैठक में उपायुक्त मनरेगा अनिल सिंह ने
प्रगति बढ़ाने के निर्देश मातहतों को दिए। उपायुक्त मनरेगा ने कहा कि
जाबकार्ड धारकों द्वारा किए गए कार्यों का भुगतान समय से हो सके, ऐसे में
मस्टर रोलों की फीडिंग का काम तेजी से कराया जाए।
मस्टर रोल फीड करने की
जिम्मेदारी अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी और कंप्यूटर आपरेटर की है। ऐसे में
यदि किसी भी व्यक्ति से तनिक भी लापरवाही बरती जाती है तो संबंधित पर
कार्रवाई की जाएगी। उन्हाेंने अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी और तकनीकी
सहायकों को ग्राम पंचायत में छूटे कार्यों को पूरा कराने के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत में अवशेष धनराशि का कार्याें पर भुगतान करने का आदेश देते
हुए तकनीकी सहायकों का भी लंबित भुगतान करने का आदेश दिया है। उपायुक्त ने
समस्त कार्यों में प्रगति लाने और 31 मार्च से पहले वित्तीय वर्ष के
कार्यों को पूरा कराने का आदेश दिया है।