पिहानी (हरदोई)। दंपति से लूटकांड के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर बीस हजार रुपये और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद कर ली है। पुलिस उसके अन्य साथियों की तलाश कर रही है। एसपी उमेश कुमार सिंह ने पुलिस टीम को 2500 रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है। लुटेरा रिश्ते में समधी निकला।
19 फरवरी 2016 को बैंक आफ इंडिया की पिहानी शाखा से किसान क्रेडिट कार्ड का 1.10 लाख रुपये निकाल कर पत्नी फातिमा के साथ साइकिल से घर लौट रहे ग्राम मवइया निवासी शमशेर से दो बाइक पर सवार युवकों ने दिनदहाड़े लूटपाट की थी।
प्रभारी निरीक्षक परशुराम सिंह ने शक के आधार पर इम्यिाजपुरवा मजरा अब्दुल्लानगर निवासी अजीम उर्फ अजीमुद्दीन को उठाया तो उसने हकीकत उगल दी। बताया कि लूटकांड में छ: लोग शामिल थे। पकड़े गए अजीम के पास से लूटी गई रकम में से बीस हजार रुपये और घटना में प्रयुक्त हुई प्लेटिना बाइक मिली है। शमशेर ने अजीम को पहचान लिया है। अजीम ने रुपयों के लालच में रिश्ते में समधी को ही शिकार बना डाला। शमेशर के पुत्र मोहम्मद कमाल ने बताया कि उसकी बहन रिजवाना इम्यिाजपुरवा गांव के जिस परिवार में ब्याही है, अजीम उसी परिवार में रहता है।