बेमौसम बारिश में बर्बाद फसल के बाद पीड़ित किसानों
का ऋण माफ कराने समेत कई मांगों को लेकर भारत की कम्युनिस्ट पार्टी
मार्क्सवादी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को कलक्ट्रेट में
धरना प्रदर्शन कर सीएम को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपकर कार्रवाई की मांग
की।
इस मौके पर धरने को संबोधित करते हुए जिला सचिव यदुनाथ सिंह ने कहा
कि बेमौसम बारिश एवं ओलावृष्टि से गेहूं की फसल को काफी नुकसान हुआ है।
जिसका मुआवजा अभी तक किसानों को नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा कि तत्काल
सभी किसानों को मुआवजा दिया जाए।
कहा कि किसान भारी संकट में हैं, कर्जे से
दबे किसान आत्महत्या कर रहे हैं, लिहाजा किसानों का ऋण माफ किया जाए। इस
दौरान धरने पर बैठे पदाधिकारियों ने नारेबाजी की और सीएम को संबोधित ज्ञापन
डीएम रमेश मिश्र को सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में उक्त
मांगों के अलावा किसानों की भूमि को अधिग्रहण के नाम पर छीनने की प्रक्रिया
बंद करने, किसानों के पढ़े लिखे बच्चों को नौकरियां देने, तालाब और पोखरों
के आसपास की कृषि योग्य भूमि को भूमाफिया से बचाने की मांग की गई है।
अन्यथा की दशा में जल्द ही वृहद स्तर पर संघर्ष करने की चेतावनी दी। इस
मौके पर राजाराम, विक्रम, आशाराम गुप्ता, शकुंतला, सावित्री, फौजी कठेरिया
आदि मौजूद थे।