कोतवाली क्षेत्र में आलू रखने के विवाद में किसान की
पीट पीट कर हत्या कर दी गई। आक्रोशित लोगों ने हाईवे पर जाम कर दिया। पुलिस
ने कोल्ड स्टोरेज मालिक सहित तीन लोगों के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज
कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
मिली
जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पसनेर निवासी रामनाथ यादव
(50) पुत्र तेजराम गुरुवार की गांव के पास एक आलू स्टोर में आलू रखने के
विवाद में पीट पीट कर हत्या कर दी गई थी। हत्या से आक्रोशित लोगों ने
कटरा-बिल्हौर मार्ग को जाम लगा दिया।
इससे करीब डेढ़ घंटे तक हाईवे जाम
रहा। घटना की जानकारी होने पर सीओ बिलग्राम विजय त्रिपाठी मौके पर पहुंचे
और परिजनों को समझा बुझाकर शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज
दिया था। पुलिस ने रात में ही शव का पोस्टमार्टम कराके परिजनों को सौंप
दिया था।
घटना के बाबत मृतक के पुत्र प्रदीप ने बताया कि वह गुरुवार को
गांव निकट बिलग्राम संाडी मार्ग पर संचालित कोल्ड स्टोरेज पर आलू रखने अपने
मामा अवधेश के साथ गए थे, पर वहां देर हो गई। इस पर उसके पिता भी कोल्ड
स्टोरज पहुंच गए।
बताया कि वह आलू रखने के संबंध में बात करने के लिए
कोल्ड स्टोरज के मालिक अश्वनी के पास गए थे। जहां पर उनका उनसे विवाद हो
गया। इस पर स्टोर मालिक और मैनेजर व चालक ने पिता को पीटना शुरू कर दिया।
उनकी आवाज सुनकर वह लोग अंदर गए तो उनके पिता को उन लोगों ने जमीन पर गिरा
दिया था।
उनके सिर पर प्रहार किया गया था। इससे उनके पिता की मौत हो गई।
पुलिस ने प्रदीप की तहरीर पर कोल्ड स्टोरेज मालिक अश्वनी, उसके मैनेजर व
चालक के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। घटना की जानकारी होने पर अपर
पुलिस अधीक्षक पूर्वी बीसी दुबे भी मौके पर पहुंचे थे और घटना की जानकारी
ली।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के सूत्रों के अनुसार, किसान के सिर पर प्रहार
किए गए थे। इस बाबत कोतवाल शैलेंद्र सिंह ने बताया कि वृद्ध के शरीर पर
चोटों के निशान मिले है। रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा
रही है।