हरदोई। सड़क हादसे में घायल किसान की बुधवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसा पाली मार्ग पर शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के गौहरा गांव के पास 16 दिसंबर को हुआ था।
शाहाबाद के गौहनिया निवासी श्रीपाल (50) खेती करते थे। भतीजे संतोष कुमार के मुताबिक, 16 दिसंबर की शाम श्रीपाल शाहाबाद की बाजार से बाइक से सब्जी लेने गए थे। उनके साथ गांव निवासी अवधेश (38) भी थे। इस दौरान शाहाबाद-पाली मार्ग पर गौहरा गांव के पास बाइक में पिकअप ने टक्कर मार दी। श्रीपाल को गंभीर चोटें आई थीं जबकि अवधेश को मामूली चोटें आई थीं। श्रीपाल को सीएचसी फिर मेडिकल कॉलेज लाया गया था। यहां से उनको लखनऊ रेफर कर दिया गया था लेकिन परिजन उनको शहर के प्राइवेट अस्पताल ले गए थे। वहां उनका इलाज चल रहा था।
बुधवार सुबह उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। चिकित्सक ने जवाब दे दिया। परिजन उनको मेडिकल कॉलेज लाए। यहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पत्नी श्री देवी पति का शव देखकर बिलख पड़ीं। श्रीपाल की कोई संतान नहीं है। संतोष ने बताया की पिकअप उनके गांव का ही था। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि हादसा दूसरे थाना क्षेत्र का है। शव का पंचनामा भरवाया गया है।