थाना क्षेत्र के ग्राम लाहौरीपुरवा में किसान ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना का पता चलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। प्राथमिक तौर पर घरेलू कलह में फांसी लगाकर खुदकुशी करने की बात सामने आई है।
लाहौरीपुरवा निवासी अजय (35) खेती करता था। शनिवार को दिन में लगभग 10 बजे घर से खेत जाने की बात कहकर निकला था। दोपहर बाद कुछ ग्रामीणों ने उसका शव खेत के ही निकट स्थित खलिहान की भूमि पर लगे आम के पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका देखा।
मृतक के भाई अवनेश ने बताया कि अजय की पत्नी पुष्पा पिछले तीन माह से बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के ग्राम हुल्लीपुर में स्थित मायके में है। कुछ घरेलू कलह भी थी।
छह माह पहले अजय ने अपने हिस्से की भूमि भी बेच दी थी। थानाध्यक्ष अनिल सक्सेना ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना को लेकर परिजनों ने कोई आरोप नहीं लगाए हैं।