हरदोई। टड़ियावां थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किसान मंगलवार रात संदिग्ध हालात में बघौली थाना क्षेत्र के ग्राम घुरमई के निकट बेहोश पड़ा मिला। उसका ट्रैक्टर गायब है और जहरखुरानों द्वारा लूटे जाने की आशंका जताई जा रही है।
थाना क्षेत्र के ग्राम गौराडांडा निवासी फूल सिंह (35) पुत्र राजाराम यादव खेती करता है। वह अपना ट्रैक्टर चलाता है। गांव निवासी गल्ला व्यापारी का सामान लेकर मंगलवार को वह शहर स्थित गल्ला मंडी गया था। इसके बाद से वह लापता हो गया। रात में वह बघौली थाना क्षेत्र के ग्राम घुरमई के निकट बेहोश मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर गई और उसे जिला अस्पताल ले गई। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई तो पता चला कि फूल सिंह ट्रैैक्टर लेकर घर से निकला था। ट्रैक्टर का पता नहीं चला है। बघौली थानाध्यक्ष फूलचंद्र सरोज ने बताया कि किसान के होश में आने का इंतजार है। इस बिंदु पर भी जांच हो रही है कि किसी ने नशीला पदार्थ खिलाकर ट्रैक्टर लूट तो नहीं लिया।