फोटो - 29- राजीव कुमार। फाइल फोटो
हरदोई। लोनार कोतवाली क्षेत्र के भदना गांव में सोमवार शाम धान की फसल देखने खेत गए किसान की बाढ़ के पानी में डूबने से मौत हो गई। रातभर परिजन युवक की तलाश करते रहे लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। मंगलवार सुबह खेत में भरे बाढ़ के पानी में शव उतराता मिला। सूचना मिलते ही परिजन में कोहराम मच गया।
कोतवाली क्षेत्र के भदना गांव निवासी राजीव कुमार (26) तीन भाइयों में सबसे बड़े और अविवाहित थे। पिता की मौत के बाद से वह खेती कर परिवार का भरण पोषण कर रहे थे। छोटे भाई वीरेंद्र ने बताया कि बारिश के बाद से गांव के आसपास बाढ़ का पानी भरा है। खेत में खड़ी धान की फसल भी पानी में डूब गई है। सोमवार शाम राजीव खेत में खड़ी फसल देखने के लिए घर से निकले थे। देर शाम तक वह वापस नहीं लौटे तो परिजन ने उनकी तलाश शुरू की। आसपास के खेतों और संभावित स्थानों पर खोजबीन की गई लेकिन उनका पता नहीं चला।
मंगलवार सुबह परिजन को खेत में भरे बाढ़ के पानी में राजीव का शव उतराता दिखाई दिया। जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल सुनील कुमार मिश्रा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट और परिजन की शिकायत पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।