हरदोई जिले में धान की रोपाई के लिए खेत की जुताई के दौरान अचानक ट्रैक्टर पलट गया। इसके नीचे दबकर चालक की मौत हो गई। भाई ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। टड़ियावां थाना क्षेत्र के सगरापुर निवासी राकेश (50) खेती करते थे। रविवार को धान की रोपाई करने के लिए ट्रैक्टर से खेत की जोताई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक ट्रैक्टर पलट गया।
ट्रैक्टर चला रहा राकेश उसी के नीचे दब गया। हादसा देखकर पास के खेतों में काम कर रहे किसान मौके को ओर दौड़ पड़े। किसी तरह से ट्रैक्टर के नीचे दबे हुए किसान को बाहर निकाला। भाई सुखलाल उसे लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचा, जहां पर डाॅक्टर को मृत घोषित कर दिया।
सुखलाल ने पोस्टमार्टम कराने इन्कार करते हुए शव को घर लेकर चला गया। इस बारे में इमरजेंसी में तैनात ईएमओ ने कोतवाली शहर की पुलिस को सूचना दी है। राकेश तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। पत्नी दो पुत्र व एक पुत्री का रो -रोकर हाल खराब है।