बेहटागोकुल। बाग में झोपड़ी में सो रहे किसान की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसके सीने पर चप्पलों के निशान और हाथ मुड़े हुए थे। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ग्राम सरैंया कोठिला निवासी हरिवंश (50) पुत्र बुधई सोमवार रात गांव के बाहर बाग में सोया था। मंगलवार सुबह ग्रामीण वहां से गुजरे तो बाग में झोपड़ी के अंदर तख्त पर हरिवंश का शव पड़ा मिला। ग्रामीणों से इसकी जानकारी मिलने के बाद बेटे विपिन समेत अन्य परिजन मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि हरिवंश के सीने पर चप्पल के निशान मिले हैं। उन्होंने किसी से दुश्मनी से इंकार किया लेकिन फिर भी हालात देखकर उसकी हत्या की आशंका जताई है। एसओ राकेश आनंद ने बताया कि परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी।