हरदोई जिले में अरवल थाना क्षेत्र के शेखपुर गांव में सोमवार को किसान की करंट लगने से मौत हो गई। घर में बल्ब लगाते समय एक किसान को करंट लगा था। परिजन उसे सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शेखपुर निवासी ओम शंकर (45) के कमरे का बल्ब खराब हो गया था। सोमवार को वह होल्डर में लगा बल्ब हटाकर दूसरा लगा रहा था। इस दौरान वह करंट की चपेट में आ गया और अचेत होकर गिर गया। यह देख परिजन उसे लेकर एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरपालपुर पहुंचे।
यहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिवार में पत्नी राजेश्वरी के अलावा एक पुत्र और दो पुत्रियां हैं। पिता की मौत से बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना की सूचना पर सीएचसी पहुंची हरपालपुर पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।