आलू लदी ट्रैक्टर ट्राली में घुसे बाइक सवार, एक की मौत, दूसरा घायल
- सीमा विवाद के चलते लोनार और सांडी पुलिस में हुई तकरार
संवाद न्यूज एजेंसी
बावन। जगदीशपुर-सांडी रोड पर रविवार रात बाइक सवार सड़क किनारे आलू लदी खड़ी ट्रैक्टर ट्राली में पीछे से जा घुसे। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा उसका साथी घायल हो गया। हादसे की खबर सुनते ही लोनार और सांडी पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद सीमा विवाद के चलते काफी देर तक दोनों में तकरार होती रही। सीओ के हस्तक्षेप के बाद सांडी पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए उसका पोस्टमार्टम कराया।
रविवार रात सांडी थाने के सेमरा गांव निवासी अनुराग (23) पाली थाने के करनपुर निवासी पंकज (22) के साथ बाइक से जगदीशपुर से सांडी की तरफ जा रहा था। इसी बीच उनकी बाइक सांडी थाने के सैतियापुर के पास सड़क के किनारे आलू से लदी खड़ी ट्रैक्टर ट्राली में पीछे से जा घुसी।
हादसे में बाइक चला रहे अनुराग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा पंकज गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी होते ही लोनार और सांडी पुलिस मौके पर पहुंच गई, मगर सीमा विवाद के चलते दोनों के बीच खींचतान मची गई। चालक हेलमेट नहीं लगाए था। सीओ के हस्तक्षेप के बाद सांडी पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेते हुए उसका पोस्टमार्टम कराया है।
-
विद्यालय का ताला तोड़कर गल्ला और बर्तन चोरी
हरदोई। शातिर चोरों ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय गोपार का ताला तोड़कर वहां रखा एमडीएम राशन व सामान चोरी कर लिया। सोमवार को स्कूल खुलने पर इसका पता हुआ। प्रधानाध्यापिका ने पुलिस को तहरीर दी है। थानाध्यक्ष ज्ञानेश दुबे का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। (संवाद)