संडीला। लखनऊ-पलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर आसू तिराहा अंडरपास के निकट सड़क पार कर रहे किसान को ट्रक ने रौंद दिया। मौके पर ही किसान की मौत हो गई।
आसू सरॉय निवासी हरिनाम (42) खेती करते थे। घटना के बाद चालक ट्रक मौके पर छोड़कर भाग निकला। शनिवार दोपहर वह घर से निकलकर अंडरपास के पास पैदल ही सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान संडीला की तरफ से आ रहे ट्रक ने उसे रौंद दिया। मौके पर ही हरिनाम ने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी से परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी का निधन पूर्व में ही हो चुका है। मृतक के दो पुत्र हैं। कोतवाल आनंद नारायण त्रिपाठी ने बताया कि ट्रक कब्जे में ले लिया गया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर लेकर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।