गन्ना मूल्य में सिर्फ 10 रुपये बढ़ोत्तरी किए जाने से बिफरे किसानों ने शनिवार को कलक्ट्रेट परिसर में जमकर नारेबाजी की। गन्ने की होली जलाकर आक्रोश व्यक्त किया। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट वंदिता श्रीवास्तव को सौंपा है।
जिलाध्यक्ष राजबहादुर सिंह यादव ने कहा कि महंगाई के कारण गन्ना व धान के किसान घाटे में हैं। कई सालों से गन्ना के दामों में बढ़ोत्तरी न करके किसानों के साथ अन्याय किया गया है। अब 10 रुपये बढ़ाकर किसानों के साथ मजाक किया जा रहा है। उन्होंने गन्ने का दाम 450 रुपये प्रति क्विंटल व धान का दाम 2500 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित करने की मांग की है। इस मौके पर सर्वजीत यादव, मुन्ना खां, संजीव कुमार, रामवीर, राधेश्याम, उर्वेश, रवीकांत, सुंदर लाल आदि मौजूद रहे।