हरदोई। जीरो पावर्टी अभियान में चिह्नित परिवारों को अपने मकान की उम्मीद जगी है। आवासहीन परिवारों को मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में आवास दिए जाएंगे। इसके लिए प्रक्रिया भी शुरू करा दी गई है।
प्रदेश सरकार की ओर से चलाए गए जीरो पावर्टी अभियान में आवासहीन परिवारों को भी चिह्नित कराया गया है। इन परिवारों को आवास दिए जाने के लिए शासन ने व्यवस्था दी है। इन परिवारों को मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण और प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में प्राथमिकता पर लाभान्वित किया जाएगा। जीरो पावर्टी अभियान में जिले में 16,513 परिवारों को आवास योजना के लिए चिह्नित किया गया है। इन परिवारों के मकान बनवाए जाने पर 1,98,15,60,000 रुपये खर्च किए जाएंगे। परिवारों का डेटा आवास प्लस वेबसाइट पर फीड करा लिया गया है।
एक परिवार को आवास बनवाए जाने के लिए तीन किस्तों में 1.20 लाख रुपये दिए जाएंगे। बीडीओ के माध्यम से ब्लॉकवार जीरो पावर्टी के पात्र परिवारों का डेटा जुटाया गया है। इन परिवारों का सत्यापन कराते हुए पूरा डेटा आवास प्लस वेबसाइट पर अपलोड कराने के साथ ही आवास बनवाए जाने के लिए प्रक्रिया भी पूरी कराई जा रही है।
-
जीरो पावर्टी में चिह्नित परिवारों का सत्यापन कराते हुए पात्र परिवारों को चिह्नित करा लिया गया है। इन परिवारों का डेटा भी बीडीओ के माध्यम से जुटाते हुए आवास प्लस वेबसाइट पर फीड कराया गया है। जल्द ही इन परिवारों को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजना में से एक योजना में मकान बनवाए जाने के लिए रुपये दिए जाएंगे। -अशोक कुमार मौर्या, परियोजना निदेशक, डीआरडीए