सुरसा। बीते शुक्रवार को सुरसा थाना क्षेत्र अंतर्गत तुंदवल पुल के निकट दोस्तों के साथ नहाते समय नहर में डूबे युवक का शव 36 घंटे बाद बरामद हुआ। पुलिस ने शनिवार आधी रात के बाद लगभग डेढ़ बजे घटनास्थल से चार किलोमीटर दूर इटखोरिया झाल के निकट बरामद किया। इधर शव मिलने की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
सुरसा थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुर मजरा उमरापुर निवासी रीतेश पाल (20) पुत्र शिवकरन पाल शुक्रवार दोपहर अपने दोस्तो गांव निवासी अनिल पाल (20) पुत्र श्रीपाल और रिंकू पाल (21) पुत्र रजनीश पाल के साथ तुंदवल पुल के पास नहर में नहाने के लिए गया था। नहाने के दौरान रीतेश डूब गया था और उसका कोई सुराग नहीं मिल रहा था।
पुलिस गोताखोरों की मदद से लगातार रीतेश की खोज करा रही थी। शनिवार को आधी रात के बाद लगभग डेढ़ बजे इटखोरिया झाल के पास शव बरामद कर लिया गया। रीतेश अविवाहित था और दो भाइयों में छोटा था। उसका बड़ा भाई विजयशंकर पाल फौज में है और जम्मू में तैनात है।