हरदोई। खाद कंपनियों के नाम पर हरियाणा के हिसार से मंगाई गई नकली डीएपी का बड़ा जखीरा बरामद हुआ है। हरियाली किसान सेवा केंद्र बहिरमा के गोदाम और ट्रक में डीएपी और खाद की 820 बोरियां मिली हैं। कृषि विभाग और लखनऊ से आई स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की टीम ने यह कार्रवाई की है। फिलहाल लखीमपुर खीरी का युवक पुलिस की गिरफ्त में हैं।
जिला कृषि अधिकारी डॉ. सतीश चंद्र पाठक ने टीम और एसटीएफ के एसआई शैलेंद्र सिंह के साथ हरियाली किसान सेवा केंद्र ट्रॉली यार्ड, हरियाली बाजार डेलपंडरवा, जहानी खेड़ा, हरियाली किसान सेवा केंद्र बहिरमा का निरीक्षण किया। टीम को भारत डीएपी ब्रांड की 45 बोरी गोदाम में मिलीं। ट्रक से अनलोड किए जाते समय 775 बोरियां बरामद हुईं। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि बरामद खाद के आठ नमूनों को जांच के लिए भेजा गया है। वहीं, एसटीएफ ने लखीमपुर खीरी के अखिलेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
सेवा केंद्र के संचालक कुलदीप, हरियाणा के हिसार के गावर रोड की एग्रो टॉनिक के कृष्ण सुदामा, रजनीश, अखिलेश कुमार के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम में प्राथमिकी दर्ज कराई है। परीक्षण रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। -डॉ. सतीश चंद्र पाठक, डीएओ
-
हिसार से मंगाई खाद, ई-वे बिल में ओडिशा भेजने का था ब्योरा
हरदोई/लखनऊ। हरियाली किसान सेवा केंद्र बहिरमा पर नकली खाद मिलने का मामला बड़ा है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि खाद भारत डीएपी और भूमि क्रांति डीएपी ब्रांड के नाम पर मंगाई गई थी। एसटीएफ के डिप्टी एसपी प्रमेश कुमार शुक्ला के मुताबिक सूचना मिल रही थी कि प्रदेश में अलग-अलग खाद कंपनियों के नाम पर नकली खाद की खेप मंगाकर बेची जा रही है। इस पर एसटीएफ की टीमों को सक्रिय किया गया। निरीक्षण के दौरान मौके पर लखीमपुर खीरी जनपद के थाना पसगवा के जंगबहादुर गंज निवासी ट्रक चालक रघुवीर सिंह, श्रमिक मनुेश, मजनू, प्रमोद, गुलशेर, रजनीश, चंद्र किशोर मिले थे। टीम में वरिष्ठ प्राविधिक सहायक अमीनुद्दीन अंसारी, पवन शुक्ला, उप निरीक्षक जावेद आलम सिद्दीकी, चंद्र प्रकाश मिश्र, मुख्य आरक्षी मुनेंद्र सिंह, मृत्युंजय सिंह, यशवंत सिंह, वीर प्रताप, अजीत कुमार सिंह शामिल रहे।
कागजों में कुछ और, खेप पहुंच रही थी दूसरी जगह
जांच में खाद से संबंधित ई-वे बिल अहम कड़ी बना। एसटीएफ के मुताबिक बिल में सामग्री के कॉलम में रॉ ग्रेन्यूल्स दर्ज था। साथ ही सामान को हिसार, हरियाणा से ओडिशा भेजे जाने का विवरण दिया गया था। जबकि एसटीएफ ने ये खेप हरदोई के किसान सेवा केंद्र पर बरामद हुई। अब खाद की ढुलाई से जुड़े दस्तावेजों और वास्तविक खेप की जांच की जा रही है।
रजनीश के कहने पर मंगाई थी खाद
एसटीएफ के मुताबिक गिरफ्तार अखिलेश कुमार ने पूछताछ में बताया कि डेलपांडरवा स्थित हरियाली किसान सेवा केंद्र का प्रोपराइटर कुलदीप सिंह है, लेकिन केंद्र का संचालन रजनीश सिंह करता है। अखिलेश ने बताया कि रजनीश सिंह के कहने पर उसने हिसार से नकली खाद मंगाई थी। इसे हिसार की मेसर्स श्री कृष्ण सुदामा एग्रो ट्रेडिंग नाम की फर्म से मंगाया गया था। हालांकि खाद की आपूर्ति, उसकी वास्तविक गुणवत्ता और दस्तावेजों में दर्ज विवरण की जांच जारी है।
फर्जी बिल भी मिले
एसटीएफ ने मौके से फर्जी बिल-बाउचर, एक मोबाइल फोन, आधार कार्ड और घड़ी बरामद की है। एसटीएफ अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नकली खाद कहां तैयार की जा रही थी और इसे किन-किन स्थानों पर बेचने की योजना थी।बताया कि जिले में नकली खाद खपाए जाने की जानकारी पर किए गए।