फोटो 13: भिठारी में निरीक्षण के दौरान अध्यापक, संस्था के प्रतिनिधियों से जानकारी लेतीं सीडीओ
हरदोई। परिषदीय स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों की कम उपस्थिति, अव्यवस्था पर सीडीओ नेहा ब्याडवाल ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने बावन की सीडीपीओ, बीईओ सहित पांच कर्मियों से जवाब तलब किया है।
सीडीओ ने बुधवार को ब्लॉक बावन के उच्च प्राथमिक विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र भिठारी का निरीक्षण किया। पंजीकृत 121 विद्यार्थियों में से 60 विद्यार्थी उपस्थित मिले। 50 प्रतिशत से कम उपस्थिति पर सीडीओ ने नाराजगी जाहिर की। चार शिक्षकों में एक शिक्षक मौजूद थे जबकि तीन शिक्षक अवकाश पर थे। परिसर में साफ-सफाई भी संतोषजनक नहीं थी। परिसर में मलवा, घास-फूस जमा थी। फर्नीचर के बाद भी कक्षा छह के कुछ विद्यार्थियों को दरी पर बैठाकर अध्ययन कराया जा रहा था।
विद्यालय प्रबंधन और रखरखाव के प्रति गंभीर लापरवाही पर प्रभारी प्रधानाध्यापक अजय कुमार के विरुद्ध आरोप पत्र जारी किए जाने और बावन के खंड शिक्षा अधिकारी को शिथिल पर्यवेक्षण के लिए कारण बताओ नोटिस के निर्देश बीएसए को दिए गए। स्कूल में वॉल पेंटिंग और एस्ट्रोनॉमी लैब अंदर और बाहर क्षतिग्रस्त मिली। दोबारा वॉल पेंटिंग कराने के निर्देश डीपीआरओ, पंचायत सचिव को दिए गए हैं।
आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रजौली देवी गैरहाजिर थीं। सहायिका निर्मला देवी केंद्र पर मिलीं। पंजीकृत 45 बच्चों में से केवल दो बच्चे केंद्र पर थे। केंद्र संचालन में लापरवाही पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता राजौरी देवी, सुपरवाइजर नीलू कश्यप और बाल विकास परियोजना अधिकारी को नोटिस दिए जाने के निर्देश डीपीओ को दिए। इस मौके पर पीडी अशोक कुमार मौर्य, अधिशासी अभियंता प्रदीप पाल, श्रम रोजगार उपायुक्त संतोष कुमार सिंह, डीपीआरओ श्रेया उपाध्याय, बीडीओ डॉ. राम प्रकाश साथ रहे।